परमहंस दयाल समाधि स्मृति समारोह संपन्न
सारण, 08 जुलाई (हि.स.)। परमहंस दयाल समाधि स्मृति समारोह एवं व्याख्यानमाला-2026 का स्थानीय राजेंद्र स्टेडियम में आयोजन हुआ। इस आयोजन में संत-महात्माओं, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में सराबोर नजर आया।
समारोह के संयोजक व अध्यक्ष महात्मा व्यासानंद जी महाराज ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में परमहंस दयाल जी के प्रेमाद्वैत दर्शन की हृदयस्पर्शी व्याख्या की। उन्होंने कहा कि सत्पुरुष अपने प्रेम से जीव के तीनों तापों को समाप्त कर उसके हृदय में परमात्म अनुभव प्रकट करते हैं। परमात्मा ही परमानंद है और गुरु के प्रति सच्चा प्रेम ही इसे पाने का एकमात्र आधार है।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह टाइगर और महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
दोनों नेताओं ने स्वामी सत्यानंद जी महाराज से आशीर्वाद लिया और परमहंस दयाल जी की आध्यात्मिक ऊंचाई को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
व्याख्यानमाला के दौरान महात्मा शब्दयोगानंद, महात्मा धर्मदर्शनानंद, महात्मा निर्मल प्रकाशानंद, महात्मा ओंकारानंद, जेपी मॉर्गन अमेरिका, संजय कुमार सिंह, सेवानिवृत्त आईएएस उदय कुमार सिंह, अधिवक्ता प्रह्लाद बाबू और लोककवि मंगल कवि सहित विभिन्न विद्वानों व चिंतकों ने अपने विचार रखे। इससे पूर्व स्वागत भाषण डॉ राणा यशवंत सिंह ने दिया, जबकि मंच का संचालन डॉ सुशील कुमार सिंह द्वारा किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

