भागलपुर में दिनदहाड़े दहशत: शांति समिति सदस्य और मुखिया प्रतिनिधि के सामने बदमाशों ने की हवाई फायरिंग

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में दिनदहाड़े दहशत: शांति समिति सदस्य और मुखिया प्रतिनिधि के सामने बदमाशों ने की हवाई फायरिंग


भागलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द स्थित ब्राह्मण टोला के पास शुक्रवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने सरेआम हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। बुलेट बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने जिला शांति समिति के सदस्य संजय कुमार यादव और बेलखोरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ब्रजेश कुमार के सामने दो राउंड फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शी और जिला शांति समिति के सदस्य संजय कुमार यादव ने बताया कि वे सुबह करीब 10:30 बजे रामपुर खुर्द स्थित अपनी तेल मिल के मिस्त्री को बुलाने गए थे। वहां से लौटने के दौरान करीब 10:45 बजे एक किराना दुकान के पास उनकी मुलाकात मुखिया प्रतिनिधि ब्रजेश कुमार से हुई। दोनों अपने चारपहिया वाहन से उतरकर सड़क किनारे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मुसहरी की ओर से तेज रफ्तार बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। दोनों को खड़ा देख बाइक सवार दो बदमाशों ने कमर से हथियार निकाला और ताबड़तोड़ दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि कोई कुछ नहीं बोलेगा, वरना गोली मार देंगे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगा होने के कारण बदमाशों की पूरी करतूत उसमें रिकॉर्ड हो गई है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story