पंचायत विकास दिवस पर बागनगर पहुंचे जिलाधिकारी, विकास योजनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों से किया संवाद
अररिया 27 सितम्बर(हि.स.)।माह के अंतिम रविवार को पंचायतों में लगने वाले पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में डीएम विनोद दूहन ने जोकीहाट के बागनगर में भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत,राष्ट्रीय गान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ पंचायत में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी सुना। बैठक में पंचायत के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर ई-ग्राम स्वराज एवं ई-पंचायत पोर्टल के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा वर्तमान योजनाओं पर हुए व्यय, कार्यों की प्रगति और आगामी विकास योजनाओं की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नई योजनाओं को शामिल करने पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने पंचायतों के समग्र एवं सतत विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्रामीणों को विकास योजनाओं की योजना निर्माण प्रक्रिया से जोड़ना, पंचायत स्तर पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देना तथा ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।जिलाधिकारी ने किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ सब्जी, फल एवं अन्य लाभकारी फसलों की खेती को भी अपनाएं। साथ ही पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन एवं अन्य संबद्ध गतिविधियों से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत कर सकते हैं। इस क्रम में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने पंचायत के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर ग्रामीणों से सुझाव भी प्राप्त किए तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत राज पदाधिकारी अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

