कमलदहा में पंचायत विकास दिवस का आयोजन,डीएम ने विकास कार्यों के साथ नशामुक्त समाज का दिया संदेश
अररिया 30 अगस्त(हि.स.)। अररिया प्रखंड के कमलदहा पंचायत में पंचायत विकास दिवस का आयोजन रविवार को किया गया।कार्यक्रम में डीएम विनोद दूहन सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, वंदे मातरम् राष्ट्रीय गान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद पंचायत की मुखिया द्वारा उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर डीएम ने कहा कि पंचायत के विकास में जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने पंचायत में संचालित विकास योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने, योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने तथा पंचायत को स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया।उन्होंने विकास कार्यों के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण को भी प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव परिवार और समाज दोनों पर पड़ता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि किसान पारंपरिक खेती के साथ सब्जी उत्पादन एवं पशुपालन को अपनाकर अपनी आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने जांच एवं उपचार - चिकित्सा आपके द्वार कार्यक्रम की भी जानकारी देते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान ई ग्राम स्वराज एवं ई पंचायत पोर्टल के माध्यम से पंचायत की योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सुना। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायतों के वीडियो का प्रदर्शन कर उनके कार्यों एवं नवाचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
मौके पर उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत के मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

