गहमागहमी के बीच पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में छाया रहा नल जल योजना
अररिया 11 अगस्त(हि.स.)।
फारबिसगंज प्रखंड सभागार में मंगलवार को प्रखंड प्रमुख ओमप्रकाश पासवान की अध्यक्षता में पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक भारी गहमागहमी के बीच हुई।
बैठक में पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ ही भूमि विवाद,बिजली आपूर्ति और नल-जल योजना जैसी बुनियादी समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों ने एक स्वर में सरकार की नल-जल योजना की कार्यशैली पर कड़ा आक्रोश जताया। प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से कहा कि किसी भी पंचायत में नल-जल योजना धरातल पर सुचारू रूप से कार्य नहीं कर रही है और यह योजना पूरी तरह नाकाम साबित हो चुकी है।
बैठक का माहौल उस वक्त काफी गर्म हो गया, जब मटियारी समिति सदस्य लालू देव और मिर्जापुर समिति सदस्य नीतीश कुमार के बीच किसी बात को लेकर जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसे मुखिया प्रतिनिधि राजा रमन भास्कर उर्फ रंटू मंडल ने बड़ी मशक्कत और सूझबूझ से शांत कराया और दोनों सदस्यों को समझा-बुझाकर बैठाया।
बैठक में देर से पहुंचने पर सीओ पंकज कुमार को प्रतिनिधियों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। पूर्व प्रमुख सुरेश पासवान और रंटू मंडल ने अंचलाधिकारी को सीधे चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अंचल कार्यालय में व्याप्त बिचौलियागिरी को तत्काल बंद किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि अंचल कार्यालय की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ और बिचौलियों पर लगाम नहीं कसी गई, तो जनप्रतिनिधि सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
बैठक में प्रमुख ओमप्रकाश पासवान, उप प्रमुख हसीबुर रहमान, पूर्व प्रमुख सुरेश पासवान, मुखिया प्रतिनिधि राजा रमन भास्कर उर्फ रंतु मंडल, मुखिया सुचित्रा देव, मुखिया प्रतिनिधि प्रकाश चौधरी, प्रदीप मंडल, दिलीप पासवान, आफताब आलम, कफील अंसारी, मो रियाज, नियामत अली, पीयूष मिश्र, लालू देव, सोनू संगम, विद्यानंद बहरदार, नीतेश कुमार, परमानंद ऋषिदेव, सहित दर्जनों पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

