पंचायत स्तर की योजनाओं की डीडीसी ने की समीक्षा, अधूरे आंगनबाड़ी केंद्र एक पखवाड़े में पूरे करने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत स्तर की योजनाओं की डीडीसी ने की समीक्षा, अधूरे आंगनबाड़ी केंद्र एक पखवाड़े में पूरे करने का निर्देश


सुपौल, 07 सितंबर (हि.स.)। पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर सोमवार को उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, बिहार प्रशासनिक सेवा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना, पंचायत समिति तथा ग्राम पंचायत स्तर से संचालित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों (पंचायत समिति) एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का कार्य एक पखवाड़े के भीतर पूरा कराकर संबंधित विभाग को हस्तांतरित करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर पूरा होने से बच्चों और महिलाओं को योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सरकार भवन एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप के निर्माण की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित ग्राम पंचायतों को इन योजनाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की लगातार निगरानी करने और निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story