19 मई से शुरू होगा पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर

WhatsApp Channel Join Now
19 मई से शुरू होगा पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर


भागलपुर, 02 मई (हि.स.)। भागलपुर में अब आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के नेतृत्व में प्रशासन ने पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित करने का फैसला लिया है। जिसकी शुरुआत 19 मई से होगी।

इस अभियान के तहत पहले चरण में 8 से 10 पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि इन शिविरों में जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी, साथ ही पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहेगा ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शिविर से पहले ही पंचायत सरकार भवन में आवेदन जमा लिए जाएंगे और उन पर प्रारंभिक कार्रवाई भी शुरू कर दी जाएगी। इससे शिविर के दिन अधिकतर मामलों का त्वरित निपटारा संभव हो सकेगा।

समीक्षा भवन में शनिवार को आयोजित बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य सरकार आपके द्वार की सोच को साकार करते हुए पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करना है। जिससे ग्रामीणों को समय पर न्याय और सुविधा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story