छपरा की सभी ग्राम पंचायतों में मनाया गया पंचायत विकास दिवस
सारण, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। जिला जन-संपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा द्वारा की गई जानकारी के अनुसार इस अवसर पर सभी प्रखंडों की पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएँ आयोजित की गईं।
ग्राम सभाओं के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2026-27 के लिए ग्रामीणों से सुझाव आमंत्रित किए गए तथा विकास योजनाओं पर अनुमोदन प्राप्त किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य वर्ष 2030 तक सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करना है।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक लाइव प्रसारण भी सुना।
उन्होंने बताया कि सुशासनयुक्त ग्राम पंचायत के अंतर्गत 17 प्रमुख संकेतकों के आधार पर विकास की प्राथमिकताएँ तय की जाती हैं।
पंचायत विकास दिवस का मूल उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था में जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पारदर्शिता को सुदृढ़ करना है। इसके माध्यम से पंचायतों को एक सक्षम, न्यायपूर्ण, पारदर्शी और आत्मनिर्भर स्थानीय संस्था के रूप में विकसित करने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है, ताकि हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाई जा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

