पंचायत विकास दिवस पर ग्रामसभा आयोजित, जीपीडीपी के माध्यम से विकास कार्यों की बनी रूपरेखा

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत विकास दिवस पर ग्रामसभा आयोजित, जीपीडीपी के माध्यम से विकास कार्यों की बनी रूपरेखा


पंचायत विकास दिवस पर ग्रामसभा आयोजित, जीपीडीपी के माध्यम से विकास कार्यों की बनी रूपरेखा


सुपौल, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले के छातापुर पंचायत मुख्यालय स्थित पंचायत भवन में रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर ग्रामसभा का आयोजन किया गया। मुखिया बीवी साजदा खातुन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करने सहित पंचायत के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता, मुखिया प्रतिनिधि मकसूद मसन, उपमुखिया संजीव सहनी, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने वार्ड सदस्यों से पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनवाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की अहम जिम्मेदारी है।उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत विकास योजना के माध्यम से पंचायत का सतत, समग्र और समावेशी विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इसके तहत आगामी वित्तीय वर्ष के लिए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को योजना में शामिल किया जा रहा है।बैठक में पंचायत परिसीमन के विषय पर भी जानकारी दी गई।

बीडीओ ने कहा कि आबादी के आधार पर छातापुर पंचायत का विभाजन कर दो पंचायतों का गठन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनर्गठन की प्रक्रिया राजस्व ग्रामों के आधार पर पूरी की जाएगी।मुखिया बीवी साजदा खातुन ने कहा कि पंचायत भवन में अब जाति, आय, आवासीय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र सहित नए राशन कार्ड की प्रक्रिया की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही आधार कार्ड बनाने एवं उसमें संशोधन का कार्य भी पंचायत भवन से ही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन सेवाओं के लिए कार्यपालक सहायक सुधीर कुमार प्रत्येक कार्यदिवस पर उपस्थित रहेंगे।

ग्रामसभा के दौरान वार्ड सदस्यों ने प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्याओं को भी उठाया। इस पर आवास सहायक अनिल कुमार ने बताया कि आवास सर्वे सूची की कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद अंतिम सूची ग्रामसभा की स्वीकृति के लिए प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, वार्ड सदस्यों ने भूमि विवाद, मजदूरी भुगतान में विलंब तथा अन्य कारणों से कई आवासों का निर्माण अधूरा रहने की जानकारी भी दी।बैठक में पंचायत सचिव सीताराम झा, स्वच्छता पर्यवेक्षक तमीजउद्दीन, कार्यपालक सहायक सुधीर कुमार, वार्ड सदस्य जियाउल हक, रामधारी राम, जयकुमार राम, मुरली मेहता, मो. समीद, पूर्व सरपंच ललिता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story