पंच सम्मेलन का आयोजन, 'विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025' पर दी गई विस्तृत जानकारी
भागलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। स्थानीय टाउन हॉल में शनिवार को'विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025' को लेकर एक भव्य पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उपस्थित प्रतिनिधियों को इस नए अधिनियम के प्रावधानों, नियमों और इससे जुड़ी प्रतिक्रियाओं की विस्तृत और व्यावहारिक जानकारी देना था।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन भागलपुर की जिलाधिकारी (डीएम) अलंकृता पांडेय और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रवि राकेश ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में इस अधिनियम की भूमिका पर प्रकाश डाला। सम्मेलन के दौरान एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इसमें विशेषज्ञों और वरीय अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों को अधिनियम के विभिन्न कानूनी और प्रशासनिक प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जरूरी तकनीकी जानकारियां भी साझा की गईं।
सम्मेलन में मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर गहन चर्चा हुई। जिसमें पंचायत स्तर पर इस नए अधिनियम की जमीनी भूमिका, त्रिस्तरीय पंचायती राज के निर्वाचित प्रतिनिधियों की नैतिक और कानूनी जिम्मेदारी और समाज के अंतिम व्यक्ति यानी आम लोगों तक इस कानून की सही जानकारी पहुंचाने की रूपरेखा शामिल रहे। डीएम और डीडीसी ने अपने संबोधन में निर्वाचित प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया।
अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अधिनियम की जानकारी को आम जनता के बीच ले जाएं। उन्होंने पंचायत स्तर पर इसके सफल और पारदर्शी क्रियान्वयन में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने का आह्वान किया, ताकि जमीनी स्तर पर विकास को नई गति मिल सके। इस अवसर पर जिले के कई वरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य और पंचायती राज से जुड़े अन्य कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

