पुलिस लाइन में पालनाघर, कामकाजी महिलाओं को मिला सौगात
अररिया 28 अप्रैल(हि.स.)।
महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला प्रशासन के तत्वावधान में मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना द्वारा पुलिस लाइन में पालनाघर का उद्घाटन मंगलवार को एसपी जीतेन्द्र कुमार,एडीएम अनिल झा, डीपीओ आईसीडीएस कविता कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने पालनाघर के संचालन, किस आयु वर्ग के बच्चे इसमें रहेंगे तथा कामकाजी महिलाओं को इससे कितना फायदा होगा इसके बारे मे विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पालनाघर से कामकाजी महिलाओं को उनके कार्य अवधि में 06 माह से 05 वर्ष के बच्चों की देखभाल करने, प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करना और महिला को काम और परिवार के बीच बेहतर संतुलन बनाने मे मदद मिलेगी।
अपर समहार्ता अनिल झा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पालनाघर महिलाओं के लिए वरदान है, इससे महिलाएं निश्चिन्त होकर अब कार्यालय सहित अन्य कार्यों को कर सकेंगी।
पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम पुलिस लाइन मे पालनाघर के स्थापना की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पालनाघर सरकार की बहुत ही महत्वकांक्षाी योजना है और कामकाजी महिलाओं के बच्चों के अवसान हेतु एक बेहतर विकल्प बन रहा है। उन्होंने बताया कि इसके बाहर सौंदर्यकरण का कार्य भी कराया जाएगा और ज्यादा बच्चे होने स्थित में पालनाघर को ओर बड़े कमरे में शिफ्ट भी किया जा सकता हैं। उन्होंने सभी को बधाई देने के साथ सब को अपने बच्चे को पालनाघर मे भेजने का निदेश भी दिया।
उद्घाटन समाहरोह में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सब इंस्पेक्टर, महिला पुलिस, अभिभावक, महिला विकास निगम के डीपीएम, डीएमसी संबंधित सभी कर्मी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

