छपरा सदर अस्पताल में भी अब पेनलेस नॉर्मल डिलीवरी की सुविधा शुरू
सारण, 03 अगस्त (हि.स.)। छपरा सदर अस्पताल ने मातृ स्वास्थ्य के क्षेत्र में पहली बार सरकारी स्तर पर पेनलेस नॉर्मल डिलीवरी की सुविधा सफलतापूर्वक शुरू की गई है।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग तथा एनेस्थीसिया विभाग के संयुक्त प्रयास से अत्याधुनिक एपिड्यूरल एनाल्जीसिया तकनीक के जरिए दो महिलाओं खलपुरा की साक्षी सिंह और मढ़ौरा की ममता कुमारी का सुरक्षित और दर्दरहित सामान्य प्रसव कराया गया।
यह तकनीक रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से में कैथेटर के जरिए दर्द निवारक दवा देकर प्रसव पीड़ा को काफी हद तक नियंत्रित करती है, जिससे महिला पूरी तरह होश में रहकर सामान्य प्रसव कर सकती है।
सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी के अनुसार अब तक केवल महंगे निजी अस्पतालों तक सीमित यह सुविधा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को भी निशुल्क मिलेगी। इससे प्रसव पीड़ा का डर दूर होगा, अनावश्यक सिजेरियन ऑपरेशनों में कमी आएगी और सामान्य प्रसव को बढ़ावा मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

