वन-स्टॉप सेंटर की पहल से भटकती महिला को मिला सुरक्षित आश्रय, बेटे के सुपुर्द कर कराया गया पुनर्मिलन
अररिया 10 सितम्बर(हि.स.)।
कुर्साकांटा थाना पुलिस के सहयोग से भटकती अवस्था में मिली पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले की एक महिला को सुरक्षित रूप से अररिया लाया गया।डीएम विनोद दूहन के निर्देश के आलोक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी, मिशन शक्ति कविता कुमारी द्वारा महिला को वन-स्टॉप सेंटर में अल्पावास की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
वन-स्टॉप सेंटर में महिला को आवश्यक देखभाल एवं सुरक्षित आश्रय प्रदान करने के साथ ही उसकी पहचान एवं पारिवारिक स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के लिए उससे बातचीत की गई। महिला से प्राप्त जानकारी के आधार पर उसके गृह जिले पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर पुलिस से संपर्क स्थापित किया गया।पुलिस के सहयोग से महिला के परिजनों की जानकारी प्राप्त की गई तथा उसके बेटे से संपर्क स्थापित किया गया।
आवश्यक समन्वय एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को वन-स्टॉप सेंटर अररिया से सुरक्षित रूप से उसके बेटे के सुपुर्द कर दिया गया। जिला प्रशासन की इस पहल से भटकती महिला को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के साथ-साथ उसे उसके परिवार से पुनः मिलाने में सफलता मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

