जिले के 57 पंचायतों में पैक्स चुनाव को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से हुआ मतदान

WhatsApp Channel Join Now
जिले के 57 पंचायतों में पैक्स चुनाव को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से हुआ मतदान


अररिया 18 मार्च(हि.स.)। जिले के 57 पंचायतों में पैक्स चुनाव को लेकर बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह सात बजे से पैक्स चुनाव के लिए मतदाता मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर पंक्तिबद्ध होकर खड़े हो गए।चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।दंडाधिकारी के साथ पुलिस अधिकारियों और बलों की तैनाती मतदान केन्द्र पर की गई थी,ताकि मतदाता निर्भीक होकर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कर सके।

जिले के कुल 186 मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारियों और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। मतदान सुबह सात बजे से शाम 4 बजकर 30 मिनट तक चली।जिला प्रशासन ने स्वच्छ, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक बूथ पर दंडाधिकारी और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया था।

जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 69 पंचायतों में चुनाव प्रस्तावित था। इनमें से 9 पंचायतों में पैक्स चेयरमैन पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन हो गया। वहीं, जोकीहाट प्रखंड की तीन पंचायतों में कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है। इस प्रकार, अब 57 पंचायतों में ही मतदान हो रहा है।खासतौर पर अररिया प्रखंड में 9 पंचायतों के लिए पैक्स चेयरमैन पद का चुनाव हो रहा है, जबकि 5 पंचायतों में कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए वोटिंग हुई।इन 9 पंचायतों के लिए कुल 25 बूथ बनाए गए थे, जहां पैक्स चेयरमैन पद के लिए 28 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस बीच, कुसियारगांव पंचायत से निवर्तमान चेयरमैन धीरेंद्र प्रसाद सिंह और बेलवा पंचायत से पूर्व चेयरमैन तनवीर आलम निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story