छपरा में पैक्स अध्यक्षों की एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
छपरा में पैक्स अध्यक्षों की एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित


छपरा में पैक्स अध्यक्षों की एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित


छपरा में पैक्स अध्यक्षों की एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित


सारण, 07 मार्च (हि.स.)। जिले के सभी पैक्स अध्यक्षों एवं व्यापार मंडल अध्यक्षों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शहर के प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी जमीनी स्तर तक पहुँचाना था।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में पैक्स और व्यापार मंडल मात्र एक संस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में विकसित हो रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सहकारिता विभाग के माध्यम से केवल खाद्यान्न अधिप्राप्ति ही नहीं, बल्कि किसानों के हित में कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि इन सभी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक इसकी पहुँच सुनिश्चित हो। इसमें पैक्स और व्यापार मंडल के अध्यक्षों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने अध्यक्षों को तकनीकी बारीकियों और विभागीय दिशा निर्देशों से अवगत कराया ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे।

इस अवसर पर संयुक्त निबंधक सहकारिता, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यशाला में जिले भर से आए पैक्स एवं व्यापार मंडल के अध्यक्षों ने अपनी समस्याओं व सुझावों को भी साझा किया।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story