ओवरलोडिंग से बढ़ा खतरा, सड़कों पर नियमों की अनदेखी

WhatsApp Channel Join Now
ओवरलोडिंग से बढ़ा खतरा, सड़कों पर नियमों की अनदेखी


किशनगंज, 12 अप्रैल (हि.स.)। पौआखाली नगर पंचायत के डे मार्केट रूट पर एक बार फिर ओवरलोडिंग का मामला सामने आया है, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, एक ट्रैक्टर पर निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक बोरे लादकर ले जाया जा रहा था, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ने का खतरा स्पष्ट रूप से देखा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ओवरलोड ट्रैक्टर सड़क पर असंतुलित तरीके से चल रहा था, जिससे आसपास गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों की चिंता बढ़ गई। विशेष रूप से ट्रैक्टर के पीछे चल रहे बाइक सवारों की स्थिति काफी जोखिम भरी नजर आई। ऐसी स्थिति में मामूली चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही देखी जाती है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चालक बेखौफ होकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। यातायात नियमों के अनुसार निर्धारित क्षमता से अधिक माल ढुलाई प्रतिबंधित है, इसके बावजूद ओवरलोड वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जो कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोडिंग पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story