किशनगंज में 8509 से अधिक एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध, घबराने की जरूरत नहीं: डीएम विशाल राज

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में 8509 से अधिक एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध, घबराने की जरूरत नहीं: डीएम विशाल राज


किशनगंज, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सामान्य एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि वर्तमान में जिले में 8509 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी तक जाने की आवश्यकता नहीं है।

उपभोक्ता घर बैठे गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं और पूर्व की भांति 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

कालाबाजारी एवं जमाखोरी की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा धावा दल के माध्यम से नियमित छापेमारी की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई भी की जा रही है। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित हो रहा है। जिले के कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है।

प्रशासन के अनुसार एलपीजी गैस से संबंधित 32 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनके समाधान की कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही गैस की बुकिंग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story