जिले में 7321 से अधिक गैस सिलेंडर स्टॉक, होम डिलीवरी सुचारू

WhatsApp Channel Join Now
जिले में 7321 से अधिक गैस सिलेंडर स्टॉक, होम डिलीवरी सुचारू


किशनगंज, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की बात कही है। सोमवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

वर्तमान में जिले में 7321 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। डीएम ने बताया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था सामान्य रूप से चालू है। उपभोक्ताओं को अब एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। वे घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और पूर्व की भांति दो से तीन दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए धावा दल द्वारा नियमित छापेमारी भी की जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 है।एलपीजी गैस से संबंधित आज एक शिकायत प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story