भागलपुर पहुंचे भूमि एवं राजस्व मंत्री, भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ की सांगठनिक बैठक

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर पहुंचे भूमि एवं राजस्व मंत्री, भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ की सांगठनिक बैठक


भागलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार सरकार के भूमि एवं राजस्व मंत्री सह भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल शनिवार को एकदिवसीय सांगठनिक प्रवास पर भागलपुर पहुंचे। यहां पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता और मजबूत संगठन होते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्टी के जनाधार को और व्यापक बनाने के लिए हर वर्ग तक पहुंच बनाई जाए। संगठन का विस्तार और उसकी मजबूती हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया और उनके सुझाव भी सुने।

डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को ऊर्जावान बनाए रखने और जनता के बीच सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को ले जाने के कई अहम दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरी मुस्तैदी से जनता की समस्याओं के समाधान में जुटें और संगठन को धरातल पर और ज्यादा सक्रिय बनाएं। इस बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष समेत जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, मंच-मोर्चों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में जिला नेतृत्व द्वारा मंत्री को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story