सुपौल में ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी, 10 नाबालिग बच्चियां मुक्त, 16 आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

सुपौल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में ऑर्केस्ट्रा के नाम पर नाबालिग बच्चियों के शोषण और उनसे काम कराने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।

इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी कर पुलिस ने 10 नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया। वहीं, इस मामले में संलिप्तता के आरोप में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सुपौल पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 16 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई। पुलिस के अनुसार, जिले में ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर नाबालिग बालिकाओं से काम लिए जाने की सूचना पुलिस अधीक्षक सुपौल को प्राप्त हुई थी।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने मामले का सत्यापन कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विशेष अपराध-सह-पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) गौरव गुप्ता के नेतृत्व में एएचटीयू, एसजेपीयू एवं महिला थाना की पुलिस टीम को शामिल कर विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित ऑर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 10 नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया गया तथा मामले में संलिप्त 16 आरोपितों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में सात पुरुषों के नाम-पते प्रेस विज्ञप्ति में दर्ज हैं, जबकि अन्य नौ महिला आरोपितों का विवरण सामूहिक रूप से दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में महिला थाना में कांड दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। मुक्त कराई गई नाबालिग बालिकाओं की पारिवारिक पृष्ठभूमि का सत्यापन कराया जा रहा है। वहीं, गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस की ओर से जारी सूची के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में छपरा जिले के कई निवासी शामिल हैं। इनमें केरा थाना क्षेत्र के माया टोला वार्ड नंबर-03 निवासी जितेंद्र कुमार, तरवारा थाना क्षेत्र के बैरारी वार्ड नंबर-08 निवासी विवेक कुमार, एकमा थाना क्षेत्र के मुइली वार्ड नंबर-02 निवासी सुभांशु कुमार तथा केरा थाना क्षेत्र के तुजारपुर वार्ड नंबर-04 निवासी इमाम अंसारी शामिल हैं। इसके अलावा सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के चंपानगर वार्ड नंबर-01 निवासी सोनू कुमार, सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के पलटू हाता वार्ड नंबर-05 निवासी विकास कुमार तथा सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के मौजहा निवासी राजेश मेहता उर्फ राजेश जी का नाम भी सूची में शामिल है। शेष नौ महिला आरोपितों के नाम और पते प्रेस विज्ञप्ति में अलग-अलग दर्ज नहीं किए गए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग बालिकाओं को शोषण से बचाने और उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की जानकारी जांच और पुलिस की अगली कार्रवाई के बाद सामने आएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761806 Articles

Share this story