बिहार के कई जिलाें में ऑरेंज अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 12 मई (हि.स.)। बिहार के कई जिलों में अचानक मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए माैसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और मध्यम बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

विभाग ने जाे अलर्ट जारी किया है उसके अनुसार पटना, नालंदा, लखीसराय और शेखपुरा जिलों में शाम 4:05 बजे तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है। विभाग की ओर से जारी दूसरे अलर्ट में दोपहर 2:05 बजें खगड़िया, जमुई, नालंदा, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, पटना, लखीसराय और शेखपुरा जिलों को ऑरेंज अलर्ट के दायरे में रखा गया है। यह चेतावनी शाम 5:05 बजे तक प्रभावी रहेगी।

अलर्ट काे लेकर विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर निकलने से बचें। खासकर खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है। किसानों और मजदूरों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।

विभाग ने वज्रपात के दौरान मोबाइल फोन का कम इस्तेमाल करने और बिजली उपकरणों से दूरी बनाकर रखने की अपील की है। तेज हवा के कारण कमजोर निर्माण, टिन शेड और पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले कुछ घंटों तक कई इलाकों में बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story