मुख्य चुनाव आयुक्त समेत पीएम व गृहमंत्री का पुतला फूंका
दरभंगा, 07 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिले के विभिन्न प्रखंडों में बुधवार चुनाव आयुक्त के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महागठबंधन के आह्वान पर सोमवार को मनीगाछी एवं तारडीह प्रखंड मुख्यालयों पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया।
मनीगाछी में राजद प्रखंड अध्यक्ष मो. अलकमा के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मनीगाछी एवं नेहरा थानाध्यक्ष क्रमशः रंजीत कुमार सिंह और मोती कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, तारडीह प्रखंड मुख्यालय पर भी प्रदर्शन को लेकर प्रशासन चौकस रहा। सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा बंदोबस्त किया था।
प्रदर्शन में प्रखंड प्रमुख पवन कुमार यादव, जिला पार्षद ललित पासवान, मनोज चौधरी, रामलखन यादव, मो. इम्तियाज सहित महागठबंधन के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

