भागलपुर पुलिस ने लौटाए 60 मोबाइल, 14 लाख रुपये के फोन मालिकों को किए सुपुर्द

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर पुलिस ने लौटाए 60 मोबाइल, 14 लाख रुपये के फोन मालिकों को किए सुपुर्द


भागलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुम और चोरी हुए 60 मोबाइल फोन बरामद कर शुक्रवार को उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने भागलपुर पुलिस का आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश और पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में डीआईयू टीम तथा साइबर थाना भागलपुर ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के दौरान तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग की मदद से विभिन्न स्थानों से 60 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

एसएसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। पुलिस के अनुसार, सभी मोबाइल की कुल कीमत लगभग 14 लाख रुपये है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने भागलपुर पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल जाएगा। इस अभियान में साइबर थाना और डीआईयू (जिला आसूचना इकाई) की टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और ट्रैकिंग के माध्यम से मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें बरामद किया।

भागलपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना या साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं तथा सीईआईआर पोर्टल पर भी मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। इससे मोबाइल की ट्रैकिंग और बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है पुलिस ने कहा कि आगे भी ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story