ऑपरेशन मुस्कान बना खुशियों की वजह, 32 लोगों को वापस मिले खोए मोबाइल
सीवान, 13 मई (हि.स.)।आज के दौर में मोबाइल केवल बातचीत का साधन नहीं, बल्कि लोगों की निजी जानकारी, यादों और जरूरी दस्तावेजों का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में मोबाइल चोरी या गुम हो जाने पर आर्थिक नुकसान के साथ-साथ गोपनीय डाटा गलत हाथों में जाने की चिंता भी सताने लगती है। लेकिन यदि महीनों बाद वही मोबाइल वापस मिल जाए तो खुशी का ठिकाना नहीं रहता।
सीवान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान ने बुधवार को कई लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने गुम या चोरी हुए 32 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
मोबाइल प्राप्त करते ही लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोग भावुक नजर आए और एसपी को “थैंक्यू सर” कहते हुए मुस्कुराते हुए कार्यालय से बाहर निकले। अपने पुराने मोबाइल को दोबारा हाथ में लेकर लोगों ने राहत महसूस की।
इस दौरान मोबाइल धारकों से यह भी पूछा गया कि उनका मोबाइल किन परिस्थितियों में गुम हुआ था। किसी ने बताया कि बाजार में खरीदारी के दौरान मोबाइल गिर गया था, तो किसी ने सफर के दौरान खोने की बात कही।
इस संबंध में एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि राज्य स्तर पर “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अप्रैल माह में 32 मोबाइल बरामद किए गए, जिन्हें बुधवार को उनके स्वामियों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आगे भी लोगों के गुम मोबाइल बरामद कर लौटाए जाएंगे।
मोबाइल प्राप्त करने वालों में राकेश तिवारी, मुकेश गोंड, अमृत सिन्हा, अश्वनी कुमार, राजू कुमार, अरविंद कुमार और विनोद मांझी सहित कई लोग शामिल थे।
एसपी कार्यालय नहीं पहुंचने वालों के घर भेजे जाएंगे मोबाइल
“ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बरामद किए गए मोबाइलों के मालिकों को सन्हा के आधार पर सूचना देकर बुधवार दोपहर 2:30 बजे एसपी कार्यालय बुलाया गया था। हालांकि कई लोग कार्यालय नहीं पहुंच सके। इस पर एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जो लोग नहीं आए हैं, उनके घर जाकर मोबाइल की पहचान कराते हुए मोबाइल सौंपा जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

