ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ ने लौटाई ‘लड्डू गोपाल’ की अनमोल प्रतिमा

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ ने लौटाई ‘लड्डू गोपाल’ की अनमोल प्रतिमा


सीवान, 13 मई (हि.स.)। सीवान रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली का एक भावुक उदाहरण बुधवार को देखने को मिला, जब “ऑपरेशन अमानत” के तहत यात्रियों की आस्था से जुड़ी लड्डू गोपाल की प्रतिमा को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सम्मानपूर्वक सुपुर्द किया गया।

जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान में तैनात एएसआई मयंक भूषण तिवारी को सुबह लगभग 11:10 बजे मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष वाराणसी से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 14006 डाउन के इंजन से दूसरे कोच में ट्रेन एस्कॉर्ट स्टाफ कांस्टेबल रामाश्रय यादव के पास लड्डू गोपाल की प्रतिमा सुरक्षित है।

इस संबंध में रेल मदद पोर्टल पर सहायता की मांग की गई थी.सूचना मिलते ही सीवान स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद उक्त प्रतिमा को सम्मानपूर्वक प्राप्त कर आरपीएफ पोस्ट के रोजनामचा कक्ष में सुरक्षित रखा गया। तत्पश्चात रेल मदद पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर देवरिया जिले के लार टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत नदौली गांव निवासी शिवेश नाथ त्रिपाठी से संपर्क किया गया।दोपहर करीब 2:30 बजे शिवेश नाथ त्रिपाठी स्वयं आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और आधार कार्ड के माध्यम से अपनी पहचान सत्यापित कराई।

उन्होंने बताया कि उनकी बहन श्वेतिमा मिश्रा आनंद विहार से लार रोड तक गाड़ी संख्या 14006 में यात्रा कर रही थीं।उतरने के दौरान भूलवश पीतल की लड्डू गोपाल प्रतिमा कोच संख्या एस-4 में ही छूट गई थी।आरपीएफ द्वारा यात्रा टिकट, पहचान पत्र तथा मोबाइल पर बातचीत कर पुष्टि करने के बाद गवाह कांस्टेबल सुभाष यादव की उपस्थिति में प्रतिमा को शिवेश नाथ त्रिपाठी को सुपुर्द कर दिया गया।अपनी आराध्य प्रतिमा वापस मिलने पर परिवार के लोगों ने गहरी खुशी व्यक्त करते हुए रेलवे सुरक्षा बल एवं भारतीय रेल के प्रति आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story