कहलगांव में नए आरपीएफ पोस्ट का उद्घाटन, यात्री सुरक्षा को मिलेगी मजबूती

WhatsApp Channel Join Now
कहलगांव में नए आरपीएफ पोस्ट का उद्घाटन, यात्री सुरक्षा को मिलेगी मजबूती


कहलगांव में नए आरपीएफ पोस्ट का उद्घाटन, यात्री सुरक्षा को मिलेगी मजबूती


भागलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल द्वारा कहलगांव में एक नए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट की स्थापना की गई है। उक्त आशय की जानकारी शुक्रवार को मालदा डीविजन के पीआरओ ने दी।

उन्होंने बताया कि नवस्थापित आरपीएफ पोस्ट का उद्घाटन पूर्व रेलवे के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिय नंदन सिन्हा द्वारा किया गया। यह महत्वपूर्ण पहल मालदा के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में पूरी की गई है। उद्घाटन समारोह के दौरान मालदा के अपर मंडल रेल प्रबंधक अमरेन्द्र कुमार मौर्य सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रेल प्रशासन के अनुसार, कहलगांव में इस नए आरपीएफ पोस्ट की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रेलवे की सुरक्षा अवसंरचना को मजबूती मिलेगी। इससे न केवल यात्री सुरक्षा व्यवस्था पहले से बेहतर होगी, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में रेलवे सुरक्षा बल की कार्यकुशलता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। मालदा मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वह अपने संपूर्ण क्षेत्राधिकार में रेलवे सुरक्षा ढांचे को निरंतर मजबूत करने और यात्रियों को एक सुरक्षित, संरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783994 Articles

Share this story