बिहार दिवस के अवसर पर नालंदा जिला में भव्य कार्यक्रम का आयोजन
बिहारशरीफ 22 मार्च (हि.स.)।
जिला मुख्यालय स्थित नगर भवन में आज रविवार को बिहार दिवस के अवसर पर नालंदा जिला में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर भवन बिहार शरीफ में आयोजित कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन लोकसभा सांसद एवं आगत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस उद्घाटन समारोह में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) सहित अन्य पदाधिकारी गण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बिहार दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और राज्य के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए सभी को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस हमें अपनी समृद्ध परंपराओं को याद करने और राज्य के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का अवसर प्रदान करता है।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं, जिनमें स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर बिहार की लोकसंस्कृति, परंपरा एवं कला का मनमोहक प्रदर्शन किया।
साथ ही, विकास योजनाओं, सरकारी उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। जिसमें बड़ी संख्या में आमजन, छात्र-छात्राएँ एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के तहत संबंधित विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का स्थलीय निरीक्षण के क्रम में सभी विभागीय स्टॉलों का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ली गई ।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने स्टॉल संचालकों से विस्तारपूर्वक बातचीत की तथा आम नागरिकों को दी जा रही सेवाओं और सूचनाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी स्टॉलों पर आने वाले आगंतुकों को योजनाओं की स्पष्ट, सरल और सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

