महिला रेल कर्मचारियों की समस्याओं पर मालदा मंडल में खुला संवाद, समस्याओं के समाधान का आश्वासन

WhatsApp Channel Join Now
महिला रेल कर्मचारियों की समस्याओं पर मालदा मंडल में खुला संवाद, समस्याओं के समाधान का आश्वासन


भागलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन मालदा द्वारा मंदार कॉन्फ्रेंस हॉल में बुधवार को महिला रेल कर्मचारियों की कार्यस्थल संबंधी समस्याओं पर एक विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सहयोगपूर्ण कार्यस्थल सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम का सफल आयोजन मालदा मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा किया गया। इस संवादात्मक कार्यक्रम में भागलपुर, मालदा टाउन, जमालपुर और साहिबगंज सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों एवं इकाइयों से 100 से अधिक महिला रेल कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। संवाद सत्र के दौरान महिला कर्मचारियों ने दैनिक कार्यों के दौरान पेश आने वाली चुनौतियों और अपनी कार्यस्थल संबंधी समस्याओं को खुलकर साझा किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से परिचालन और तकनीकी विभागों से जुड़ी महिला कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। इसमें भागलपुर व अन्य स्टेशनों की लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, पॉइंट्समैन, ट्रैक मेंटेनर, कोचिंग डिपो, वाणिज्य, सिग्नल एवं दूरसंचार, इंजीनियरिंग, कर्षण वितरण और रेलवे सुरक्षा बल की महिला कर्मियों ने अपनी चिंताओं को प्रमुखता से सामने रखा। पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन मालदा की अध्यक्ष मनीषा गुप्ता ने महिला कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सभी की समस्याओं और सुझावों को बेहद ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके उचित मार्गदर्शन और सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को संज्ञान में ले लिया गया है और इन पर आवश्यक अनुवर्ती कार्रवाई की जाएगी। मालदा मंडल की यह पहल रेलवे में कार्यरत महिलाओं के कल्याण, सम्मान और गरिमा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760621 Articles

Share this story