सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम


नवादा, 17 सितंबर (हि.स.)। जिले में नारदीगंज थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव के समीप गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में नरहट थाना क्षेत्र के करमा गांव निवासी अभिषेक कुमार (25) की मौत हो गई। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि अभिषेक कुमार अकबरपुर के समीप फतेहपुर बाजार में बर्तन की दुकान चलाता था। तीज पर्व को लेकर वह अपने ससुराल रजौन गया था। बुधवार को वह अपने साले के साथ वापस लौट रहा था। इसी दौरान नारदीगंज के पड़रिया गांव के समीप सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। युवक लगभग दो साल पूर्व शादी हुआ था।

अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही करमा गांव में चल रहे पूजा के उत्सव का माहौल गम में बदल गया। गांव में पूजा के अवसर पर तीन दिवसीय नाटक का मंचन किया जा रहा था। घटना के बाद नाटक कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।

अभिषेक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी प्रवीण चंद्रवंशी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story