मोटरसाइकिल ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, स्कूली छात्र की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मोटरसाइकिल ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, स्कूली छात्र की मौत


मोटरसाइकिल ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, स्कूली छात्र की मौत


नवादा , 27 अगस्त (हि.स.)।नवादा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नवादा-नारदीगंज सड़क पर आषाढ़ी गांव के समीप गुरुवार को सड़क हादसे में साइकिल सवार स्कूली छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान आषाढ़ी गांव निवासी नन्नू यादव के पुत्र निशांत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि निशांत कुमार गुरुवार को साइकिल से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान आषाढ़ी गांव के समीप तेज गति से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि निशांत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया।

हादसे के बाद मोटरसाइकिल सवार अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। पुलिस बाइक के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान करने में जुटी है।

मुफस्सिल पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी ली जा रही है तथा फरार मोटरसाइकिल चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story