युवा संसद में गूंजेगी ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की आवाज, 2 नवंबर को होगा आयोजन

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय नीतियों पर अपने विचार रखने का अवसर मिलने जा रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत किशनगंज की ओर से 2 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय, अर्राबाड़ी, किशनगंज के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित होगा।इसका मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक विषयों पर अपनी समझ, विचार और अभिव्यक्ति क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, जिला स्तरीय युवा संसद में चयनित शीर्ष तीन विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी 9 एवं 10 जनवरी 2027 को आयोजित संविधान सभा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद चयनित युवाओं को 11 एवं 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर किशनगंज के लिए निर्धारित जिला स्तरीय युवा संसद सेक्शन में आवेदन कर सकते हैं। माय भारत किशनगंज ने जिले के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि युवा नेतृत्व को प्रोत्साहन मिलने के साथ विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story