एक समय, एक स्वर: 14 हजार राष्ट्रभक्तों ने एक साथ गाया वंदे मातरम

WhatsApp Channel Join Now
एक समय, एक स्वर: 14 हजार राष्ट्रभक्तों ने एक साथ गाया वंदे मातरम


भागलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के निर्देशानुसार वंदे मातरम के 150वें वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे 'नमामि भारतम वंदे मातरम' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल भागलपुर के छात्रों और आचार्यों द्वारा विद्यालय प्रांगण सहित शहर के विभिन्न 21 प्रमुख स्थानों पर पूरे उत्साह के साथ वंदे मातरम गायन संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य सामूहिक कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, खेल संयोजक राकेश कुमार पांडे एवं उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और सामूहिक गायन में भाग लिया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनते हुए विद्यालय के सभी छात्रों, अभिभावक बंधुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा अतिथियों को मिलाकर कुल 14,000 लोगों ने एक स्वर में राष्ट्रीय गीत का गायन किया। एक नियत समय पर संपूर्ण भारत में एक साथ, एक स्वर में वंदे मातरम का यह सामूहिक गायन निश्चय ही राष्ट्र चेतना को जागृत करने वाली एक अनोखी पहल रही। इस अवसर पर विभिन्न 21 स्थानों पर कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य बंधु-भगिनी, कर्मचारी गण, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, अभिभावक और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story