ईंट लदे ट्रैक्टर से कुचलकर व्यक्ति की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ईंट लदे ट्रैक्टर से कुचलकर व्यक्ति की मौत


नवादा, 08 अप्रैल (हि.स.)।नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के पांडेय बिगहा गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पाण्डेय बिगहा गांव निवासी स्व गुलाब खान के 57 वर्षीय पुत्र रफीक खान के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रफीक खान खेत में गेहूं की बाली चुन रहे थे। इसी दौरान ईंट से लदा एक ट्रैक्टर पीछे की ओर बैक कर रहा था। चालक की लापरवाही के कारण ट्रैक्टर सीधे रफीक खान पर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, उस पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था। उनका कहना है कि इलाके में ईंट भट्ठों से जुड़े कई वाहन बिना नंबर और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों गेहूं की कटाई के कारण खेत खाली हो रहे हैं। जिन लोगों के घर तक सीधा रास्ता नहीं है, वे खेतों के रास्ते ही निर्माण सामग्री जैसे ईंट, बालू और सीमेंट ले जाते हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर को जप्त किया गया है। आवेदन प्राप्त होने पर ट्रैफिक थाना को भेज दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story