सड़क हादसे में एक की मौत,घर पर शव पहुंचते ही मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में एक की मौत,घर पर शव पहुंचते ही मचा कोहराम


पूर्वी चंपारण,26 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के पीपराकोठी थाना क्षेत्र के हथियाही चक्रधे गांव में गुरुवार काे उस समय मातम पसर गया, जब सड़क दुर्घटना में 40 वर्षीय शंकर मुखिया की असामयिक मौत की खबर गांव पहुंची। मृतक कमल मुखिया के पुत्र थे। बताया जाता है कि शंकर मुखिया अपने ग्रामीण सोनू कुमार के साथ घोड़ासहन में एक संबंधी के यहां गए थे। लौटने के क्रम में एक तेज रफ्तार और लापरवाह स्कॉर्पियो चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि शंकर मुखिया ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जबकि साथ रहे सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।

शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में चीत्कार मच गया। पत्नी कुमांती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। दो पुत्रियों और दो पुत्रों के सिर से पिता का साया उठ गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हर आंख नम दिखी और हर जुबान पर यही सवाल था कि आखिर इस मासूम परिवार का कसूर क्या था।

पूर्व मुखिया राजदेव प्रसाद ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दाह संस्कार एवं अन्य विधि-व्यवस्था में सहयोग का भरोसा दिलाया और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story