मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से एक की मौत, आधा दर्जन बीमार

WhatsApp Channel Join Now
मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से एक की मौत, आधा दर्जन बीमार


पूर्वी चंपारण,02 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत और आधा दर्जन लोगों के बीमार होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर पुलवाघाट निवासी सुरेश सिंह के पुत्र चंदू कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि चंदू रघुनाथपुर विवाह भवन के समीप अपने बाबा, रिटायर्ड क्लर्क बाबूलाल सिंह के साथ रहकर ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। मृतक के परिजनों के अनुसार, शनिवार की रात चंदू को अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिवार के लोगों ने इसे सामान्य गैस की समस्या समझते हुए उसे गैस की दवा और दर्द निवारक गोली दी, जिसके बाद सभी सो गए। लेकिन रविवार की सुबह जब परिजन जागे तो चंदू अपने बिस्तर पर मृत पाया गया। आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। इधर, उसी इलाके के आधा दर्जन लोग अचानक बीमार पड़ गए।

बीमारों में बालगंगा निवासी लोहा ठाकुर, राहुल पासवान, लड्डू साह, गांजा पासवान, लालटू कुमार समेत अन्य शामिल हैं। सभी का इलाज शहर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में चल रहा है। इनमें लोहा ठाकुर और लड्डू साह की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक दोनों की आंखों की रोशनी काफी कम हो गई है, जिससे स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बीमार राहुल पासवान और लालटू कुमार मृतक चंदू के दोस्त बताए जा रहे हैं। राहुल ने बताया कि सुबह जब उसे चंदू की मौत की सूचना मिली तो वह उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने पुलवाघाट गया था। वहां से लौटने के बाद अचानक उसकी आंखों से धुंधला दिखने लगा और तबीयत बिगड़ गई। वहीं, लोहा ठाकुर की पत्नी खुशबू और मां मुस्मात तेतरी देवी ने बताया कि देर रात वह बेचैनी से चिल्लाने लगे और अचानक उनकी आंखों की रोशनी चली गई। परिजन उन्हें सुबह अस्पताल लेकर पहुंचे। इसी तरह लड्डू साह की 10 वर्षीय पुत्री गौरी ने बताया कि उसके पिता रात में टेम्पो चलाकर घर लौटे थे, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टी होने लगी और आंखों से दिखाई देना बंद हो गया। सुबह परिजन और पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद पूरे दलित बस्ती में चर्चा है कि सभी बीमार लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था। बीमार गांजा पासवान ने बताया कि उसे संजीत साह ने थोड़ी मात्रा में शराब पिलाई थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस बयान के बाद जहरीली शराब की आशंका और गहरा गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आ गया है। उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त नीरज कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से पूछताछ कर रहे हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रहे हैं। वहीं, एसपी स्वर्ण प्रभात और डीएम के निर्देश पर सदर डीएसपी दिलीप सिंह, सदर एसडीओ और साइबर डीएसपी पुलिस बल के साथ बालगंगा, शंकर सरैया, परसौना, जयसिंहपुर सहित कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चला रहे हैं। पुलिस ने अब तक करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अवैध शराब कारोबार से जुड़े संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। स्थानीय लोग इस घटना को तीन वर्ष पूर्व हुए जहरीली शराब कांड से जोड़कर देख रहे हैं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। ताजा घटना ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यशैली और अवैध शराब कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story