बेनीपुर में हाईवा-बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
बेनीपुर में हाईवा-बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर


दरभंगा।, 25 अगस्त (हि.स.)। दरभंगा जिले के बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र में बेनीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार को गिट्टी लदे हाईवा ट्रक और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक सोनकी थाना क्षेत्र के सहिला रसलपुर निवासी 41 वर्षीय अरुण कुमार है। घायल युवक उसका सगा भाई उमेश यादव है।

दोनों भाई कुशेश्वरनाथ बाबा की पूजा-अर्चना कर कुशेश्वरस्थान से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान धरौड़ा चौक से कुछ आगे भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के समीप सामने से तेज गति से आ रहे हाईवा ट्रक ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अरुण कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उमेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ जला रेड्डी भी इसी मार्ग से गुजर रहे थे। घटना को देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाकर बहेरा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही बहेरा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों भाइयों को पुलिस वाहन से अनुमंडलीय अस्पताल, बेनीपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद अरुण कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल उमेश यादव का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया।

हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

घटनास्थल पर दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस फरार हाईवा और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story