अवैध हथियार के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 14 मई (हि.स.)। गरखा पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गरखा थाना पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी कट्टे और कारतूस के साथ धर दबोचा। पुलिस को सूचना मिली थी कि कमालपुर जाने वाली पक्की सड़क पर एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से घूम रहा है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कमालपुर रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देख भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।तलाशी लेने पर अभियुक्त के पास से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस 315 बोर का बरामद किए गए।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बभनैया निवासी उमेश शर्मा का पुत्र रवि किशन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने हथियार के साथ प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में गरखा थाना कांड संख्या-567/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को साझा करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story