युवती से मारपीट मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, चार की तलाश
किशनगंज, 26 सितंबर (हि.स.)। दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास युवती के साथ मारपीट और डांट-फटकार का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने शुक्रवार की रात कार्रवाई करते हुए आरोपी शहजाद को दिघलबैंक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। किशनगंज पुलिस की ओर से शुक्रवार की रात जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए दिघलबैंक थाना में कांड संख्या 246/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की।
इसके बाद एसआईटी ने जागीर दहीभात निवासी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य चार आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी और दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। एसपी संतोष कुमार ने कहा है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान नहीं दें। सोशल मीडिया पर किसी अपुष्ट वीडियो या जानकारी को बिना सत्यापन के शेयर करने से भी बचने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

