कृमि मुक्ति दिवस पर डीएम ने बच्चों को दवा खिलाकर किया अभियाान की शुरुआत
अररिया 25 मार्च(हि.स.)। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर बुधवार को डीएम विनोद दूहन द्वारा स्कूली बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। बुधवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय रहिका टोला दक्षिण में इसे लेकर आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेते हुए डीएम ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरूआत की। कार्यक्रम के तहत जिले में 1 से 19 साल तक के बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिये दवा सेवन के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया गया। स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित अन्य विभागों के समन्वय से जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों में यह अभियान संचालित किया गया। जिले के शेष अन्य प्रखंडों में संबंधित प्रखंड के बीडीओ, एमओआईसी सहित जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इस अभियान की विधिवत शुरुआत की गयी।
जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सह डीआईओ डॉ मोईज, डीपीएम स्वास्थ्य संतोष कुमार, एनडीडी अभियान के जिला समन्वयक शाहिद रेजा, डीसीएम सौरभ कुमार, अररिया पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पी के निराला, बीएचएम मो खतीब सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी व स्कूल के शिक्षक मौजूद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डीएम विनोद दूहन ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कृमि के दुष्प्रभाव से मुक्त कर उन्हें स्वस्थ व सेहतमंद बनाना है। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण की वजह से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकुल असर पड़ता है। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास प्रभावित होता है।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ केके कश्यप ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम इस अभियान को सफल बनाने में तत्परता से काम कर रही है। पूरे जिले में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्कूली शिक्षकों के सहयोग से बच्चों को दवा खिलाने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। ताकि कोई भी बच्चा कृमि संक्रमण से प्रभावित ना हो और स्वस्थ व सेहतमंद बने रहे। डीपीएम स्वास्थ्य संतोष कुमार ने कहा कि आवश्यकता अनुरूप सभी प्रखंडों को पर्याप्त मात्रा में अल्बेंडाजोल की दवा उपलब्ध कराई गयी है। अभियान के सफल संचालन को लेकर विभिन्न स्तरों पर इसकी निगरानी व अनुश्रवण कियाा जा रहा है। उन्होंने जन सहयोग से अभियान के पूरी तरह सफल होने का भरोसा दिलाया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

