सावन के पहले सोमवार को हर हर महादेव के जयकारे से गूंजा सारण

WhatsApp Channel Join Now
सावन के पहले सोमवार को हर हर महादेव के जयकारे से गूंजा सारण


सावन के पहले सोमवार को हर हर महादेव के जयकारे से गूंजा सारण


सावन के पहले सोमवार को हर हर महादेव के जयकारे से गूंजा सारण


सारण, 03 अगस्त (हि.स.)। सावन महीने के प्रथम सोमवार को सारण जिले के तमाम शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही पूरा छपरा भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन नजर आया। मंदिरों में जलारपण और विशेष पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ा रहा, जिससे पूरा इलाका हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

जिले के चारों दिशाओं में स्थित पौराणिक व ऐतिहासिक शिव मंदिरों में अद्भुत धार्मिक उत्साह देखा गया। पश्चिमी क्षेत्र मे बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने जलाशय से जल भरकर जलाभिषेक किया। जबकि उत्तरी क्षेत्र में बाबा शीलनिधि सिलहौरी मंदिर में आस्था की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

वही मध्य क्षेत्र में बाबा धर्मनाथ धानी छपरा शहर में स्थानीय भक्तों का हुजूम सुबह से ही डटा रहा और पूर्वी क्षेत्र में बाबा हरिहरनाथ मंदिर सोनपुर में श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा-गंडक संगम में स्नान के बाद पूजा-अर्चना की। मंदिरों के अलावा कई श्रद्धालुओं ने अपने घरों में पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं विशेष अनुष्ठान किया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। प्रमुख मंदिरों में मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और स्वास्थ्य टीमों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त, मंदिर कमेटियों ने भी साफ-सफाई और बैरिकेडिंग की पुख्ता व्यवस्था की, जिससे भक्तों को सुलभ दर्शन प्राप्त हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story