सारण के गंडामन घटना की 13वीं बरसी पर नम आंखों से 23 मासूमों को दी गई श्रद्धांजलि
सारण, 16 जुलाई (हि.स.)। मशरक प्रखंड के गंडामन गांव में 16 जुलाई 2013 को हुए दर्दनाक मिड-डे मील हादसे की 13वीं बरसी पर मृत 23 बच्चों को भावभीनी श्रद्धांजलि गुरुवार काे दी गई। इस भावुक क्षण पर मृत बच्चों के माता-पिता, ग्रामीणों और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आफताब आलम की आंखें नम रहीं।
इस दौरान पूजा समिति के माध्यम से आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मृत आत्माओं की शांति के लिए हवन और विशेष पूजा-अर्चना की। बीईओ आफताब आलम, प्रखंड प्रमुख, स्थानीय विद्यालयों की प्रधानाध्यापिका कुमारी लीलावती और प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार सिंह सहित शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।
परिजनों ने भगवान से प्रार्थना की कि ऐसा भयानक मंजर दोबारा कभी किसी को न देखना पड़े। भविष्य में ऐसी किसी भी अनहोनी को टालने के लिए विद्यालय के रसोइयों के अतिरिक्त किसी भी बाहरी व्यक्ति के रसोईघर में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात भी दोहराई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

