छपरा में सीएमआर आपूर्ति में ढिलाई पर उप विकास आयुक्त ने दोषी पैक्स व राइस मिलों पर कार्रवाई के दिए आदेश
सारण, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले में अधिप्राप्त धान के एवज में कस्टम मिल्ड राइस की आपूर्ति को लेकर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएमआर आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा के दौरान अब तक महज 97.10 प्रतिशत आपूर्ति होने पर उप विकास आयुक्त ने गहरा असंतोष व्यक्त किया।
बैठक में बताया गया कि 64,762 मीट्रिक टन लक्ष्य के विरुद्ध पैक्सों द्वारा 62,889.048 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम, छपरा को की जा चुकी है, जबकि 1,872.95 मीट्रिक टन आपूर्ति शेष है।
आपूर्ति में शिथिलता बरतने पर नीम करौली बाबा राइस मिल एवं संजय राइस मिल मांझी पर नाराजगी जताई गई तथा 30 जुलाई 2026 तक शत-प्रतिशत आपूर्ति का निर्देश दिया गया। साथ ही उदासीन मिलों की जांच कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
समीक्षा में बलेसरा, बरेजा, मटियार, मरहा, शीतलपुर, सोनबरसा, भलुआ बुजुर्ग, मतारपुर, मिर्जापुर और मकेर पैक्स की ढिलाई सामने आई। बरेजा, भलुआ बुजुर्ग और मतारपुर के प्रतिनिधि विलंब पर स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। वहीं मकेर पैक्स के गोदाम में बचे धान की जांच कर रिपोर्ट समर्पित करने के निर्देश दिए गए। बैठक से अनुपस्थित सहकारिता प्रसार पदाधिकारी परसा एवं पैक्स अध्यक्षों से स्पष्टीकरण मांगने का आदेश दिया।
अंत में उप विकास आयुक्त ने 31 जुलाई तक हर हाल में शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा न होने पर दोषी पदाधिकारियों एवं संस्थाओं पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

