शिकायतों के निपटारे में देरी नहीं, निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई करें अधिकारी : एसपी

WhatsApp Channel Join Now
शिकायतों के निपटारे में देरी नहीं, निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई करें अधिकारी : एसपी


किशनगंज, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें समय पर न्याय दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कार्यालय, किशनगंज में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने जन सुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा।

एसपी ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जन सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निष्पादन पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले की गंभीरता को समझते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर राहत मिल सके।

एसपी संतोष कुमार ने प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच में निष्पक्षता बनाए रखने तथा तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता और जवाबदेही बरतने पर भी जोर दिया, ताकि पुलिस प्रशासन के प्रति आम नागरिकों का विश्वास मजबूत हो सके। पुलिस कार्यालय में आयोजित इस जन सुनवाई का उद्देश्य नागरिकों और पुलिस प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं को उचित मंच उपलब्ध कराना है।

ऐसी पहल से आम नागरिक अपनी शिकायतें सीधे वरीय पुलिस अधिकारी के समक्ष रख सकते हैं। इससे शिकायतों की समीक्षा के साथ संबंधित अधिकारियों तक समस्याओं को पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देने में मदद मिलती है। किशनगंज पुलिस की ओर से जन शिकायतों को प्राथमिकता देने की यह पहल आम लोगों को समयबद्ध न्याय एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760017 Articles

Share this story