आंगनबाड़ी केंद्रों पर बहेगी पोषण की बयार, एनीमिया जांच और पोषण मेलों से सजेगा पूरा माह

WhatsApp Channel Join Now
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बहेगी पोषण की बयार, एनीमिया जांच और पोषण मेलों से सजेगा पूरा माह


कटिहार। समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित 'पोषण माह 2026' के मंत्रालय स्तरीय वेबकास्टिंग के सीधे प्रसारण के साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, सिविल सर्जन जितेंद्र नाथ सिंह एवं आईसीडीएस की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (डीपीओ) कुमारी पूर्णिमा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। 09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस सघन अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के हर स्तर पर पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाकर कटिहार को कुपोषण मुक्त बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा पोषण माह की थीम और दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि आगामी एक माह तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, गांवों, पंचायतों, प्रखंडों एवं जिला स्तर पर विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत 'हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी' के संकल्प के साथ पांच प्रमुख विषयों पर केंद्रित कार्य होंगे, जिनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व और जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण व प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत मातृ स्वास्थ्य हेतु नकद अंतरण शामिल हैं।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कुमारी पूर्णिमा ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण शपथ, पोषण मेला, किशोरियों के लिए एनीमिया जांच शिविर, स्तनपान परामर्श, अन्नप्राशन एवं गोदभराई जैसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करें। इस अवसर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क, जीविका, पंचायती राज, कृषि, पीएचईडी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं और कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने अंत में अंतर्विभागीय समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने की शपथ ली।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story