किशनगंज में कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद


किशनगंज, 19 मार्च (हि.स.)। जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी समेत दो बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

गुरुवार को एसडीपीओ-1 किशनगंज गौतम कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर 18 मार्च को जिला आसूचना इकाई को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान अपने सहयोगी के साथ चोरी की बाइक से किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीआईयू टीम और किशनगंज थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर हाइवे होटल के पास से नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान और लाल मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक ग्लैमर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR37AA8533) बरामद की गई। जांच में पता चला कि यह बाइक किशनगंज थाना कांड संख्या 107/2026 में चोरी हुई थी। पुलिस ने इस कांड का सफल उद्भेदन कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है।

उसके खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी, लूट, छिनतई, हत्या के प्रयास, मादक पदार्थ और मारपीट जैसे आठ से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और अन्य चोरी के मामलों में उनकी क्या संलिप्तता रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story