अतिक्रमण के आरोप में 34 लोगों को नोटिस जारी
नालंदा, बिहारशरीफ 28 मई (हि.स.)। नालंदा जिले के रहुई प्रखंड के भंडारी गांव में गैरमजरूआ आम कब्रिस्तान की जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। अतिक्रमण के आरोप में 34 लोगों को अंचलाधिकारी द्वारा नोटिस जारी किये जाने के बाद गुरुवार को सभी लोग अंचल कार्यालय पहुंचे। जिससे इस मामले को लेकर दिनभर अंचल कार्यालय में गहमा गहमी का माहौल बना रहा।
नोटिस में संबंधित लोगों को भूमि स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज एवं साक्ष्य के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। कार्यालय में इंतजार करने के बाद अंचलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी बात रखी कि उनका यह पुस्तैनी जमीन है जिसका साक्ष्य दस्तावेज प्रस्तुत है फिर भी अवैध तरीके से नोटिस जारी कर दिया गया है।
अचानक अतिक्रमण का नोटिस मिलने से वे लोग मानसिक रूप से परेशान हैं। कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे दलित समाज से आते हैं और उन्हें विशेष रूप से परेशान किया जा रहा है।
वहीं अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि 34 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस मिलने के बाद सभी संबंधित लोग कार्यालय पहुंचे हैं तथा उनसे जमीन संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

