कटिहार-बारसोई रेलखंड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य, राजधानी समेत 12 से अधिक ट्रेनों का मार्ग बदला

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार-बारसोई रेलखंड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य, राजधानी समेत 12 से अधिक ट्रेनों का मार्ग बदला


कटिहार, 21 मई (हि.स.)। कटिहार रेलमंडल के कटिहार-बारसोई रेलखंड में सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए 10 से 13 जून तक नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके कारण राजधानी एक्सप्रेस सहित एक दर्जन से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग बदला गया है।

कटिहार रेलमंडल के सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि कटिहार-डंडखोरा, सनोली और कटिहार-मनियां सेक्शन में सेफ्टी इंप्रूवमेंट के तहत यह कार्य होगा। कार्य अवधि में राजधानी एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनें कटिहार-बारसोई के बजाय पूर्णिया और ठाकुरगंज मार्ग से अप-डाउन दिशा में चलाई जाएंगी।

यह डायवर्सन 7 जून से 13 जून तक प्रभावी रहेगा। डायवर्सन के दौरान सभी परिवर्तित ट्रेनों का पूर्णिया और ठाकुरगंज में ठहराव दिया गया है। मार्ग बदली जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में ट्रेन नंबर 12424, 15716, 15651, 15653, 15624, 22411 आदि शामिल हैं।

वहीं, इस अवधि में जोगबनी-कोलकाता चितपुर एक्सप्रेस कटिहार से जोगबनी के बीच रद्द रहेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की सही स्थिति और मार्ग की जानकारी रेलवे की टोलफ्री नंबर, वेबसाइट, एनटीईएस या हेल्पलाइन से जरूर ले लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story