केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के आगमन को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक
कटिहार, 23 नवंबर (हि.स.)। आगामी प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन को भव्य, व्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज राय की अध्यक्षता में दुर्गा स्थान स्थित भाजपा नेता विकास सिंह के आवास पर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर मंडल के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान भारत सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के मुख्य अतिथि के रूप में प्रस्तावित आगमन और कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, नगर सज्जा, मंच व आयोजन व्यवस्था, संगठनात्मक समन्वय तथा कार्यकर्ताओं को दी जाने वाली जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने सम्मेलन में जिले के अधिकाधिक प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने और आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करने पर विशेष जोर दिया। सभी निर्धारित व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर सहमति बनी।
इस अवसर पर जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, जिला महामंत्री सौरभ कुमार मालाकार, जिला उपाध्यक्ष शोभा जायसवाल, मनोज सरकार, जोक्शन यादव, नगर अध्यक्ष राजेश शर्मा, मौसम सिंह सहित नगर के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन की एकजुटता व आपसी समन्वय के बल पर सम्मेलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

