स्नातक एवं शिक्षक विकसित और समृद्ध बिहार के पक्ष में : नीतीश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
स्नातक एवं शिक्षक विकसित और समृद्ध बिहार के पक्ष में : नीतीश कुमार


पटना, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पार्टी कार्यालय पहुँचकर विधान परिषद् की आठ सीटों के लिए स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हो रहे मतदान की जानकारी ली। उन्होंने इस दौरान वाररूम का निरीक्षण किया और माॅनिटरिंग टीम से क्षेत्रवार जानकारी ली।

माैके पर उन्हाेंने संगठन के साथियों से भी उन्होंने फीडबैक लिया। साथ ही उपस्थित कार्यकर्ताओं से भी आत्मीय मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ एवं राष्ट्रीय चुनाव पदाधिकारी एवं पूर्व सांसद अनिल प्रसाद हेगड़े उनके साथ मौजूद रहे।

नीतीश कुमार ने इससे पहले आज सुबह अपने आवासीय कार्यालय 7, सर्कुलर रोड पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ से मतदान संबंधी जानकारी ली। इसके उपरांत उन्होंने निर्णय लिया कि पार्टी कार्यालय में विधान परिषद् चुनाव की माॅनिटरिंग कर रहे पदाधिकारियों से भी व्यक्तिगत रूप से मिलकर फीडबैक लेंगे।

नीतीश कुमार ने मतदान समाप्ति के उपरांत कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आठों सीटों पर न्याय के साथ विकास के पक्ष में मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में स्नातक एवं शिक्षक ही मतदाता होते हैं और वे भलीभांति जानते हैं कि बिहार की एनडीए सरकार ने पिछले 21 वर्षों में शिक्षा समेत सभी क्षेत्रों में कितने कार्य किए हैं। वे निश्चित तौर पर अपना मत विकसित और समृद्ध बिहार के लिए देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story