गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति का नीतीश कुमार ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति का नीतीश कुमार ने लिया जायजा


पटना, 03 सितंबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री, बिहार सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने गुरुवार काे पटना में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जेपी सेतु क्षेत्र से लेकर सिक्स लेन पुल तक पहुंचकर गंगा के जलस्तर, नदी के बहाव एवं आसपास के इलाकों की स्थिति का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा इस दौरान उनके साथ रहे।

नीतीश कुमार ने गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण आसन्न संकट को देखते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि निचले इलाकों एवं नदी किनारे रहने वाले लोगों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नीतीश कुमार ने आमलोगों से अपील की कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार पूरी तरह तत्पर है और प्रशासन मुस्तैदी से अपना काम कर रहा है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई होगी और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता पहुँचाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story